Blogs Details

“स्वार्थ से परे: खुद को पहचानने की यात्रा”

Peace of Mind

April 12, 2026

जीवन में एक गहरी सच्चाई छुपी हुई है, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं। दुनिया में बहुत से लोग आएंगे, जो तुम्हें अपना मित्र मार्गदर्शन या कभी-कभी प्रेमी भी दिखेंगे। लेकिन जैसे ही उनका काम पूरा होता है वह तुरंत तुम्हें छोड़ देंगे। यह एक कटु सत्य हैं। परंतु यह सत्य है। जो लोग तुम्हारे जीवन में आते हैं वह न तो तुम्हारा अस्तित्व समझते हैं, ना ही तुम्हारी आंतरिक दुनिया। उनका उद्देश्य बस यही होता है कि वह तुम्हारी ऊर्जा, तुम्हारी मदद, तुम्हारी भावनाओं का उपयोग करें और जब उनका काम पूरा हो जाए तो वे तुम्हें अकेला छोड़ देंगे। जैसे कोई वस्तु जिसे उपयोग में लाने के बाद फेंक दिया जाता है। यही है उनका असली रूप। इससे पहले कि तुम दुखी हो - समझो। यह उनका स्वभाव है, यह उनका चरित्र है। इसका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है। यह तुम्हारी कमजोरी नहीं है। यह जीवन का एक हिस्सा है। वह खुद भी एक खेल में फंसे होते हैं। वे तुम्हारी मदद तब करते हैं, जब उनका कोई स्वार्थ होता है। लेकिन जब उनकी आवश्यकता पूरी हो जाती है तो वे तुम्हारे जीवन में से निकल जाते हैं, जैसे कागज का टुकड़ा हवा में उड़ जाए।

अब सवाल उठता है कि हमें क्या करना चाहिए? क्या हम भी उनके साथ ऐसा ही कर सकते है? नहीं। हम इस खेल में भागीदार नहीं बन सकते। हमें खुद से इस सच्चाई का सामना करना होगा। हम वैसे नहीं हो सकते है - जो दुनिया हमसे चाहती है। जब हम खुद को समझते हैं तो हम किसी और के स्वार्थ का शिकार नहीं होते। हमें यह जानना चाहिए कि कोई भी रिश्ते या कोई भी व्यक्ति हमें हमारी संपूर्णता से नहीं समझ सकता। केवल हम ही अपनी वास्तविकता को पहचान सकते हैं। जो लोग हमें छोड़ते हैं, वह हमें हमारी सच्चाई से और भी करीब लाते हैं। वे हमें अपनी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम और बढ़ाते है। यही है जीवन का रहस्य। हर किसी से कुछ सीखो, लेकिन किसी से भी उम्मीद मत रखो। जब तुम स्वयं के प्रति सचेत हो जाते हो, तो तुम्हें किसी और के ख्वाबों में खोने की आवश्यकता नहीं रह जाती। जब लोग तुम्हारे जीवन में आते हैं, उनका काम उनके अपने उद्देश्य को पूरा करना है और जब उनका काम खत्म होता है तो वे चले जाते हैं। यह समझना जरूरी है कि जीवन में कभी भी किसी से पूरी उम्मीद ना रखो, क्योंकि कोई भी तुम्हारे साथ बिना स्वार्थ के हमेशा नहीं रह सकता। यही सच्ची स्वतंत्रता है, यही सच्चा प्रेम है।

~ समण श्रुतप्रज्ञ